आईएचएम, रोहतक में तीन वर्षीय बीएससी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया शुरू

आतिथ्य और पर्यटन के क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएं।

आईएचएम, रोहतक में तीन वर्षीय बीएससी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया शुरू

रोहतक, गिरीश सैनी। 12वीं कक्षा उपरांत आतिथ्य और पर्यटन के क्षेत्र से जुड़कर बेहतरीन करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक अच्छी खबर है। स्थानीय तिलियार स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) में वर्तमान शैक्षणिक सत्र में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिये विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। इसके तहत पर्यटन विभाग, हरियाणा सरकार द्वारा आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

यह जानकारी देते हुए आईएचएम के व्याख्याता विकास देशवाल ने बताया कि संस्थान में वर्तमान शैक्षणिक सत्र में जवाहरलाल नेहरू विवि, नई दिल्ली (जेएनयू) के अकादमिक सहयोग से तीन वर्षीय बीएससी आतिथ्य एवं होटल प्रशासन (एचएचए) कोर्स चलाया जा रहा है। कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को जेएनयू द्वारा डिग्री प्रदान की जाती है।

इसके अलावा डेढ वर्षीय डिप्लोमा इन फूड एंड बेवरेज सर्विस, डिप्लोमा इन फूड प्रोडक्शन तथा डिप्लोमा इन बेकरी एंड कन्फेक्शनरी के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पेशेवर पाठ्यक्रमों में दाखिला लेकर विद्यार्थी आतिथ्य और पर्यटन के क्षेत्र में अपने करियर को नई उड़ान दे सकते हैं।

एक विशेष बातचीत में आईएचएम के व्याख्याता विकास देशवाल ने बताया कि आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र भारत के साथ-साथ विश्व भर में सबसे तेजी से बढ़ रहे उद्योगों में से एक है। सभी प्रमुख वैश्विक आतिथ्य ब्रांड देश में अपनी इकाइयां स्थापित कर रहे हैं। आईएचएम से तीन वर्षीय बीएससी आतिथ्य एवं होटल प्रशासन (एचएचए) स्नातक करने के उपरांत विद्यार्थियों के लिए इस क्षेत्र में होटल, एयरलाइन, क्रूज लाइन्स फास्ट फूड चेन, रिटेल आउटलेट, भारतीय रेलवे, पर्यटन बोर्ड, सशस्त्र बलों के खानपान प्रतिष्ठान, सरकारी खानपान प्रतिष्ठान, एमएनसी आदि में रोजगार के अपार अवसर उपलब्ध हैं। इसके अलावा, स्वरोजगार की राह बनाने के लिए भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि आईएचएम, रोहतक का हालिया प्लेसमेंट रिकॉर्ड शत प्रतिशत रहा है और यहां के पास आउट विद्यार्थी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर होटल ग्रुप चेन, क्रूज़ सहित पर्यटन के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।