मायना, करौर और खरावड़ में अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर
6.5 एकड़ में अवैध निर्माण, 10 नींव और कच्चा सड़क नेटवर्क ध्वस्त।
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। वीरवार को गांव मायना, करौर और खरावड़ में करीब 6.5 एकड़ भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान एक अवैध निर्माण, 10 नींव और कच्चे सड़क नेटवर्क को तोड़ा गया।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से तोड़फोड़ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध कॉलोनियों और निर्माणों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा तथा यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे अपनी जीवन भर की जमा पूंजी अवैध कॉलोनियों या अनधिकृत निर्माणों में निवेश न करें। उन्होंने कहा कि जमीन खरीदने या निर्माण में निवेश करने से पहले संबंधित जमीन की वैधता और कॉलोनी की मंजूरी की जांच जरूर करें।
जिला नगर योजनाकार ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी डीलर या भू-मालिक द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनी में निवेश करने से पहले सेक्टर-1 स्थित जिला नगर योजनाकार कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस पर जानकारी प्राप्त करें।

Girish Saini 

