सराय अहमद-बोहर में अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 4 एकड़ में निर्माण ध्वस्त

सराय अहमद-बोहर में अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 4 एकड़ में निर्माण ध्वस्त

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए सोमवार को गांव सराय अहमद और बोहर में तोड़-फोड़ अभियान चलाया। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि सराय अहमद में करीब 2.5 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों तथा बोहर में करीब 1.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान करीब 4 एकड़ भूमि पर किए गए चार अवैध निर्माणों और इंटरलॉकिंग सड़कों के नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। उपायुक्त ने कहा कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध निर्माण और कॉलोनियों को विकसित नहीं होने दिया जाएगा। इनके खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

जिला नगर योजनाकार ने लोगों से अपील की कि वे डीलरों या भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनियों में अपने जीवन भर की जमा पूंजी निवेश न करें। किसी भी जमीन में निवेश से पहले जिला नगर योजनाकार कार्यालय, सेक्टर-1 में कार्यदिवस पर कॉलोनी की वैधता की जानकारी ली जा सकती है।