गढ़ी सांपला में अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का पीला पंजा
अवैध कॉलोनियों एवं निर्माणों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगाः डीसी सचिन गुप्ता
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्थानीय जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) कार्यालय द्वारा रोहतक एवं सांपला नियंत्रित तथा शहरी क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों एवं निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
इस अभियान के दौरान गांव गढ़ी सांपला में लगभग 1.25 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी, जिसमें डब्ल्यूबीएम रोड नेटवर्क तथा एक अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने आमजन का आह्वान किया है कि वे अपने जीवनभर की पूंजी किसी भी अवैध कॉलोनी या अनधिकृत निर्माण परियोजना में निवेश न करें। किसी भी भूखंड, कॉलोनी अथवा संपत्ति में निवेश करने से पूर्व संबंधित परियोजना की वैधता की जानकारी जिला नगर योजनाकार कार्यालय से अवश्य प्राप्त करें।
Girish Saini 


