प्रदूषण पर प्रशासन सख्त, कचरा जलाने वालों पर होगी तत्काल कार्रवाईः डीसी
सीसीटीवी से निगरानी, हॉटस्पॉट पर तैनात होंगे नोडल अधिकारी; धूल नियंत्रण के लिए एंटी स्मॉग गन और एमआरएसएम मशीनों का इस्तेमाल
रोहतक, गिरीश सैनी। सर्दियों में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने खुले में कचरा, सूखे पत्ते और बायोमास जलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील स्थानों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
उपायुक्त सोमवार को लघु सचिवालय में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वार्ड स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम गठित कर शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई, बाजारों और खाली प्लॉटों में सुबह-शाम गश्त बढ़ाने तथा कचरे का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सड़कों की नियमित सफाई, पानी के छिड़काव, एंटी स्मॉग गन और एमआरएसएम मशीनों के उपयोग पर जोर दिया। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के मानकों का पालन कराने के निर्देश भी दिए।
जाम वाले स्थानों पर यातायात सुगम बनाने, अवैध पार्किंग हटाने और प्रदूषणकारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रत्येक प्रदूषण हॉटस्पॉट के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त होंगे।
बैठक में नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश, डीडीपीओ राजपाल चहल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
प्रदूषण में 15-20 प्रतिशत कमी का लक्ष्य
जिला वार्षिक कार्य योजना-2027 के तहत प्रदूषण स्तर में 15 से 20 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य योजना 5 दिसंबर तक सीएक्यूएम पोर्टल पर जमा होगी।

Girish Saini

