सड़क सुरक्षा में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, खराब सड़कों पर एजेंसियों पर जुर्मानाः एडीसी नरेंद्र कुमार

सड़क सुरक्षा में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, खराब सड़कों पर एजेंसियों पर जुर्मानाः एडीसी नरेंद्र कुमार

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने सड़क स्वामित्व एजेंसियों को सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि कम करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर सुरक्षा संबंधी खामियां मिलते ही उन्हें दूर किया जाए। नागरिक सड़क से जुड़ी समस्याओं की फोटो सहित म्हारी सड़क ऐप पर शिकायत दर्ज कराएं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं इस ऐप पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा कर रहे हैं।

लघु सचिवालय में सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने एनएचएआई अधिकारियों को खरावड़ बाईपास पर प्रस्तावित दो फ्लाईओवर का निर्माण जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए। चुलियाना मोड़ पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे बने अनधिकृत ढाबों को हटाने, स्ट्रीट लाइटों की जांच और सड़कों के किनारे झाड़ियों व पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई के निर्देश दिए गए।

उन्होंने जलेबी चौक की क्षतिग्रस्त सड़क पर पैचवर्क में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा भाली आनंदपुर चीनी मिल के पास फ्लाईओवर पर बिजली की तारों की ऊंचाई बढ़ाने के लिए कार्रवाई करने को कहा। अधिकारियों को सड़क सुरक्षा की कमियां व्हाट्सऐप ग्रुप में तुरंत साझा करने के निर्देश भी दिए।

खराब सड़क बनाने वाली एजेंसी पर लगेगा जुर्माना

नगर निगम अधिकारियों को जेएलएन नहर से बाबा मस्तनाथ विवि तक हाल में बनी सड़क की खराब गुणवत्ता पर संबंधित निर्माण एजेंसी पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। सड़क को तत्काल दुरुस्त कराने के साथ न्यायालय परिसर से छोटूराम चौक तथा जींद चौक से हिसार चौक की ओर रेलवे ओवरब्रिज पर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने को भी कहा।

हेलमेट-सीट बेल्ट नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती

पुलिस को शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर दोपहिया वाहन चालकों की जांच के लिए नाके लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए। हेलमेट व सीट बेल्ट नहीं लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने और निर्धारित गति से अधिक तेज वाहन चलाने वालों के चालान बढ़ाने को कहा गया।

एडीसी ने बताया कि पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सरकारी या निजी अस्पताल में डेढ़ लाख रुपये तक निशुल्क उपचार का प्रावधान है। वहीं, घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाती है। 

सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार तथा महम के एसडीएम विपिन कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े तथा विभिन्न बिंदुओं बारे अपने सुझाव दिए। इस दौरान एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, डीएसपी गुलाब सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।