रोहतक में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी व एलपीजी की आपूर्ति की निगरानी कर रहा प्रशासन
डीसी सचिन गुप्ता ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला प्रशासन ने रोहतक में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की सुचारू व निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने ये जानकारी जिला में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति व वितरण की समीक्षा करते हुए दी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला में सभी पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और पेट्रोल, डीजल, सीएनजी या एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन आपूर्ति और वितरण पर लगातार निगरानी रख रहा है ताकि नागरिकों को इन आवश्यक ईंधनों की उपलब्धता में किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रभावी समन्वय और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट को जिला में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और आपूर्ति की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही सभी उपमंडल अधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्रों में आपूर्ति की स्थिति पर कड़ी नजर रखने और वितरण को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों, पेट्रोलियम डीलरों और एलपीजी वितरकों को पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को भी स्टॉक स्तर, वितरण और खुदरा कीमतों की नियमित निगरानी करने के लिए कहा गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक सेवा संस्थानों जैसे आवश्यक संस्थानों को एलपीजी, पीएनजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बिना किसी बाधा के सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे ईंधन की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। जिला में पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और लोग सामान्य रूप से ईंधन की खरीदारी जारी रखें। नागरिकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां ईंधन की आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या या अधिक कीमत वसूलने की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। नागरिक कंट्रोल रूम के फोन नंबर 01262-230401 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Girish Saini 

