नवरात्रों में मिलावट पर प्रशासन का शिकंजा, कुट्टू के आटे से दूध तक की होगी सैंपलिंग

डीसी ने दुकानों-गोदामों की जांच के निर्देश दिए, लापरवाही पर कार्रवाई

नवरात्रों में मिलावट पर प्रशासन का शिकंजा, कुट्टू के आटे से दूध तक की होगी सैंपलिंग

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने नवरात्रों के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग कुट्टू व सिंघाड़े के आटे, साबूदाना, मूंगफली, खाद्य तेल, दूध और दुग्ध उत्पादों की दुकानों, गोदामों व मंडियों का नियमित निरीक्षण करेगा। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशालाओं में जांच करवाई जाएगी। मिलावटी, एक्सपायरी या घटिया गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।

उपायुक्त ने लोगों से खरीदारी के समय पैकिंग व एक्सपायरी तिथि और एफएसएसएआई लाइसेंस जांचने की अपील की। संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना प्रशासन या खाद्य सुरक्षा अधिकारी को देने को कहा।