जिला में पर्याप्त घरेलू एलपीजी उपलब्ध, पैनिक बुकिंग न करें नागरिकः उपायुक्त सचिन गुप्ता

व्यावसायिक गैस वितरण के लिए जिला स्तरीय कमेटी गठित।

जिला में पर्याप्त घरेलू एलपीजी उपलब्ध, पैनिक बुकिंग न करें नागरिकः उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे घबराकर गैस सिलेंडर की अनावश्यक बुकिंग न करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिला प्रशासन घरेलू और वाणिज्यिक एलपीजी गैस की आपूर्ति पर लगातार निगरानी रख रहा है ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके। सरकार के निर्देशानुसार वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडरों के वितरण को व्यवस्थित करने के लिए डीसी की अध्यक्षता में जिला स्तर पर एक समिति का गठन किया गया है। इस समिति में पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन तथा जिला शिक्षा अधिकारी को सदस्य बनाया गया है, जबकि जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

उपायुक्त ने कहा कि एलपीजी वितरण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट अंकित कुमार को जिला में एलपीजी गैस वितरण एवं प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि इसी प्रकार उपमंडल स्तर पर भी संबंधित उपमंडल मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया जाए, जो अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और विवाह समारोहों जैसे आवश्यक कार्यों के लिए वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की निगरानी करेंगी।

उपायुक्त ने कहा कि शहर की तीन गैस एजेंसियों लक्ष्मी गैस एजेंसी, खनगवाल गैस एजेंसी और जैन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं द्वारा घबराहट में अधिक बुकिंग की जा रही है। इस स्थिति को देखते हुए जैन गैस एजेंसी के लिए गैस की आपूर्ति पहले ही बढ़ा दी गई है, जबकि लक्ष्मी गैस एजेंसी और खनगवाल गैस एजेंसी के लिए भी आपूर्ति बढ़ाने के लिए तेल कंपनियों को पत्र लिखा गया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा है कि जिला में एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है, इसलिए नागरिक अनावश्यक रूप से घबराकर बुकिंग करने से बचें, क्योंकि इससे अन्य उपभोक्ताओं की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतीक अग्रवाल, मंडल वन अधिकारी सुंदर लाल, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश अंकित कुमार, डीईईओ दिलजीत सिंह, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा, सहायक खाद्य पूर्ति अधिकारी अशोक कुमार, निरीक्षक हरिओम सैनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।