एडीसी नरेंद्र कुमार ने लिया महम विकास रैली की तैयारियों का जायजा
रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने महम में प्रस्तावित विकास रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रैली स्थल का दौरा कर संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महम विकास रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को सौगात देंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने रैली परिसर में मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, बिजली आपूर्ति तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाए, ताकि रैली में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि विकास रैली के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
इस दौरान सापंला की एसडीएम अंकिता पंवार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, नगराधीश अंकित कुमार, महम शुगर मिल के एमडी मुकुंद तंवर, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम, आईपीएस रविंद्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र, डीईओ मनजीत मलिक, यूएचबीवीएन एक्सईएन सीमा नारा, अरुण मुंजाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

