एडीसी नरेंद्र कुमार ने जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए

बरसाती जल निकासी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं।

एडीसी नरेंद्र कुमार ने जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाती जल निकासी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखें और संबंधित कर्मचारियों की समयबद्ध तैनाती सुनिश्चित करें।

बरसाती जल निकासी कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी नरेंद्र कुमार ने कहा कि बारिश के दौरान सभी डिस्पोजल तत्काल क्रियाशील होने चाहिए। डिस्पोजल, पंप सेट और जल निकासी से जुड़े उपकरणों की पहले से जांच कर लें, ताकि जरूरत के समय तकनीकी समस्या न आए। जिन क्षेत्रों में पहले जलभराव की समस्या रही है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए। बैठक में डिस्पोजल, पंप सेट, कर्मचारियों की तैनाती और जलभराव संभावित क्षेत्रों में किए जाने वाले प्रबंधों की समीक्षा की गई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव की सूचना मिलते ही संबंधित टीमें मौके पर पहुंचकर पानी की निकासी शुरू करें। फील्ड कर्मचारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपने तथा मशीनरी एवं अन्य संसाधनों को तैयार अवस्था में रखने के भी निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि बरसाती जल निकासी में देरी आमजन के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने बरसाती जल निकासी को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी।