एडीसी नरेंद्र कुमार ने समाधान शिविरों व अन्य शिकायत पोर्टलों की लंबित शिकायतों के समयबद्ध निपटान के निर्देश दिए

एडीसी नरेंद्र कुमार ने समाधान शिविरों व अन्य शिकायत पोर्टलों की लंबित शिकायतों के समयबद्ध निपटान के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे समाधान शिविरों की रि-ओपन एवं लंबित शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करवाये। अधिकारी सीएम विंडो व अन्य शिकायत पोर्टलों के नियमित अवलोकन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी शिकायत अंडरटेक किये बगैर न रहें तथा नियमानुसार शिकायतों का निपटारा भी हो।

एडीसी नरेंद्र कुमार ने समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये है कि वे नागरिकों की समस्या का समाधान करते वक्त संबंधित नागरिक से संवाद अवश्य करें ताकि उन्हें समस्या के समाधान की जानकारी देकर संतुष्ट किया जा सके। इस दौरान एएसपी आयुष यादव, सहायक आयुक्त प्रशिक्षण विशाल सिंह, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल भी मौजूद रहे।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी आगामी सोमवार तक लंबित व रि-ओपन हुई शिकायतों का नियमानुसार सही निपटारा करवाये। उन्होंने कहा कि हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ द्वारा सभी विभागों को लॉगइन आईडी प्रदान की गई है। संबंधित विभाग शिकायतों को नियमित रूप से चैक करें तथा सभी शिकायत पोर्टलों पर नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो पोर्टल पर विभाग को भेजी गई शिकायत यदि विभाग से संबंधित नहीं है तो इसकी तुरंत सूचना संबंधित अधिकारी को दें। इन पोर्टल की नियमित निगरानी के लिए कार्यालय स्टाफ के सदस्य को नियुक्त करें। जिला मुख्यालय के अलावा उपमंडल मुख्यालयों पर भी समाधान शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनी गई।

इस दौरान डीएसपी दलीप सिंह, डीएमसी जितेंद्र सिंह, जीएम रोडवेज नवीन कुमार सहित संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।