एडीसी नरेंद्र कुमार ने पांच दिवसीय राज्य स्तरीय बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया

एडीसी नरेंद्र कुमार ने पांच दिवसीय राज्य स्तरीय बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि बाढ़ राहत प्रशिक्षण में शामिल सभी प्रशिक्षणार्थी रुचिपूर्वक प्रशिक्षण ग्रहण करें। बाढ़ जैसी आपदा से बचाव के लिए पूरी तैयारी रखें तथा कभी भी इसे हल्के में न लें। प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन बनाये रखें। जिला प्रशासन द्वारा इस प्रशिक्षण शिविर के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये गए है।

एडीसी नरेंद्र कुमार स्थानीय तिलयार लेक पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित जन को सम्बोधित कर रहे थे। ये प्रशिक्षण शिविर 18 से 22 मई तक जारी रहेगा। प्रदेशभर के रिसोर्स पर्सन को हर वर्ष बाढ़ राहत का प्रशिक्षण तिलयार लेक पर दिया जाता है। इस प्रशिक्षण शिविर में उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की जाती है तथा समय के अनुसार इन संसाधनों को अपडेट भी किया जाता है।

नायब तहसीलदार दीपक ने कहा कि आपदा दो प्रकार की होती है, पहली मनुष्य निर्मित तथा दूसरी प्राकृतिक आपदा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बाढ़ मुख्य आपदाओं में से एक है और प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ संभावित क्षेत्र है। सभी प्रशिक्षणार्थी इस प्रशिक्षण को गहनता से लें। इस दौरान राजस्व एवं आपदा विभाग के अंडर सेक्रेटरी हरी किशन, अधीक्षक ताराचंद, सहायक आशु, एफआरए जितेंद्र कुमार, सहायक मुकेश, परियोजना अधिकारी प्रवीन कुमार तथा प्रदेशभर से पहुंचे विशेषज्ञ मौजूद रहे।