एडीसी नरेंद्र कुमार ने सभी शिकायत पोर्टलों की लंबित शिकायतों के तुरंत उचित निपटारे के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार द्वारा संचालित किए जा रहे सभी शिकायत पोर्टल पर लंबित शिकायतों का यथाशीघ्र उचित निपटारा सुनिश्चित करें। नागरिकों की समस्याओं को समयबद्ध तरीके से निपटाने एवं पारदर्शिता के उद्देश्य से यह पोर्टल विकसित किए गए हैं।
एडीसी नरेंद्र कुमार ने हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक के उपरांत संबंधित अधिकारियों के साथ सभी शिकायत पोर्टलों की शिकायतों के निपटारे की समीक्षा की। उन्होंने समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे सबसे ज्यादा समय से लंबित शिकायतों का तुरंत निपटारा करें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी सीएम विंडो पोर्टल की शिकायतों के निपटारे की समीक्षा करते हुए कहा कि संबंधित विभाग ओवरड्यू शिकायतों को अंडरटेक करें तथा निर्धारित अवधि में इस पोर्टल की सभी शिकायतों का निपटारा करवाये। विभाग द्वारा शिकायत निपटारे के लिए की गई कार्यवाही पर सरकार द्वारा नियुक्त किए गए एमीनेंट व्यक्तियों के हस्ताक्षर करवाकर शिकायतों के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करें।
एडीसी नरेंद्र कुमार ने जनसंवाद पोर्टल की लंबित शिकायतों के संदर्भ में अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस पोर्टल की लंबित शिकायतों का यथाशीघ्र उचित निपटारा करवाये। अधिकारी सीपीग्राम्स (पीजी पोर्टल) तथा एसएमजीटी अर्थात सोशल मीडिया ग्रीवेंस ट्रेकिंग पर प्राप्त शिकायतों का भी तुरंत उचित निपटारा करवाये।
बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, नगराधीश अंकित कुमार, डीडीपीओ राजपाल चहल, डीईओ मनजीत मलिक, डीईईओ दिलजीत सिंह, कलानौर के तहसीलदार दिनेश कुमार, रोहतक के नायब तहसीलदार दीपक, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव, एलडीएम महाबीर प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. मदन लाल, जिला सैनिक व अर्धसैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर गौरिका सुहाग सहित संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

