ड्रेनों में गंदा पानी जाने पर होगी कार्रवाई, अनटैप्ड प्वाइंटों की होगी जांच
डीसी ने ड्रेन नंबर-8 व केसीबी ड्रेन के सभी अनटैप्ड प्वाइंटों का संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
रोहतक, गिरीश सैनी। यमुना नदी में प्रदूषण की रोकथाम को लेकर मंडल आयुक्त मोनिका मलिक की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि ड्रेन नंबर-8 और केसीबी ड्रेन में किसी भी कीमत पर गंदा पानी नहीं जाना चाहिए।
उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पंचायत विभाग के अधिकारियों को दोनों ड्रेनों के सभी अनटैप्ड प्वाइंटों का संयुक्त निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार कार्रवाई की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा। ड्रेन नंबर-8 से जुड़े विभिन्न डिस्चार्ज प्वाइंटों पर की जा रही कार्रवाई की भी जानकारी ली गई।
बैठक में हिसार रोड स्थित आईडीसी के पास डिस्पोजल को एसटीपी से जोड़ने के लिए तैयार किए जा रहे एस्टीमेट और सुनारिया स्थित 40 एमएलडी एसटीपी के अपग्रेडेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। केसीबी ड्रेन के विभिन्न प्वाइंटों पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने कुछ गांवों में 3-पॉन्ड, 5-पॉन्ड सिस्टम अथवा माइक्रो एसटीपी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। पहरावर में माइक्रो एसटीपी को लेकर की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।
बैठक में एसडीएम सांपला अंकिता पुवार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, एसडीएम रोहतक आशीष कुमार, एसडीएम महम विपिन कुमार सहित सिंचाई, पंचायत, राजस्व और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

