शिकायतें लंबित रखीं तो होगी कार्रवाई, उपायुक्त ने समाधान शिविरों में समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए

शिकायतें लंबित रखीं तो होगी कार्रवाई, उपायुक्त ने समाधान शिविरों में समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायत पोर्टलों पर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला एवं उपमंडल मुख्यालयों पर नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने बताया कि हर सोमवार और वीरवार सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय के साथ सांपला और महम उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित नागरिकों से संवाद कर समस्या के स्थायी समाधान का प्रयास किया जाए।

उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय सहित सांपला और महम में आयोजित शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों को शिकायतों के निपटारे की समयसीमा तय करने के निर्देश दिए गए।

स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश शुभम और डीडीपीओ राजपाल चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। एसडीएम ने अधिकारियों को सभी शिकायत पोर्टलों की लंबित शिकायतों का तत्काल निपटारा करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।