धान खरीद में लापरवाही पर होगी कार्रवाईः उपायुक्त
दूसरे राज्यों से आने वाले धान और बाजरे पर कड़ी निगरानी के निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि धान की खरीद और उठान में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। किसानों की फसल की समय पर खरीद और उनकी समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने शनिवार को एसडीएम आशीष कुमार के साथ रोहतक अनाज मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने गेट पास प्रक्रिया की समीक्षा की और किसानों व कर्मचारियों से बातचीत कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अधिकारियों को मंडी में पहुंचने वाले पीआर धान की जल्द खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडी सचिव कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर उपायुक्त ने खरीद कार्य की समीक्षा की तथा किसानों और आढ़तियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि दूसरे राज्यों से आने वाले धान और बाजरे पर कड़ी निगरानी रखी जाए। अंतरराज्यीय वाहनों की जांच के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। धान में निर्धारित 17 प्रतिशत तक नमी के मानक का पालन करते हुए खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने और भुगतान समय पर करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Girish Saini

