रोहतक में 3757 पुराने ट्रक-बसों पर गिरेगी गाज, सड़क पर मिलते ही होंगे स्क्रैप

रोहतक में 3757 पुराने ट्रक-बसों पर गिरेगी गाज, सड़क पर मिलते ही होंगे स्क्रैप

रोहतक, गिरीश सैनी। एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए रोहतक में 3757 पुराने कमर्शियल वाहनों पर कार्रवाई की तैयारी है। इनमें बीएस-1 से बीएस-4 श्रेणी के ट्रक और बस शामिल हैं। प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल ने बताया कि चिन्हित वाहन मालिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। अभी तक 35 वाहन मालिक परिवहन परिवर्तन पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 श्रेणी के ट्रक-बस सड़क पर मिलते ही स्क्रैपिंग सेंटर भेजे जाएंगे। वहीं बीएस-4 वाहन मालिकों को अपने वाहन एनसीआर से बाहर बेचने या योजना के तहत बीएस-6 अथवा इलेक्ट्रिक वाहन में बदलने का विकल्प दिया गया है।

पुराने वाहन बदलने पर सरकार की ओर से कई रियायतें दी जाएंगी। पात्र नए वाहन पर 50 प्रतिशत मोटर व्हीकल टैक्स छूट तथा बीएस-6/ई-वाहन पर 10 साल तक 100 प्रतिशत टैक्स छूट का प्रावधान है। इसके अलावा ऋण पर 5 प्रतिशत तक ब्याज सहायता और वाहन निर्माताओं की ओर से 8 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान है।

आरटीए सचिव ने वाहन मालिकों से पोर्टल पर तत्काल पंजीकरण कराने की अपील की है।