फतेहपुरी कॉलोनी निवासी मनीष की हत्या में शामिल आरोपी काबू
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक पुलिस की टीम ने सांपला निवासी युवक की हत्या में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। अदालत के आदेश पर आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है।
प्रभारी थाना पुरानी सब्जी मंडी, उपनिरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि 22 अक्टूबर 2025 को पुलिस को फतेहपुरी कॉलोनी में गोली चलने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जांच शुरु की। मृतक युवक की पहचान मनीष निवासी फतेहपुरी कॉलोनी के रूप में हुई। मृतक के भाई श्याम सुंदर की शिकायत पर जांच में सामने आया कि मनीष फतेहपुरी कॉलोनी में नये मकान का निर्माण कर रहा है, जिसे लेकर पड़ोसी विक्की रंजिश रखे हुए था। 22 अक्टूबर 2025 को रात करीब 8 बजे श्याम सुंदर को सूचना मिली कि निर्माणाधीन मकान के पास विक्की व उसके घरवाले मनीष पर लाठी, डंडे व फरसे से जान से मारने की नीयत से चोटें मार रहे है। मनीष को छुडाने के लिये गए तो युवक मौके से फरार हो गए। चोटें लगने के कारण मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जांच के दौरान 25 अक्टूबर 2025 को आरोपी शिवम निवासी धामड को गिरफ्तार किया गया है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
Girish Saini 

