28 जुलाई से शुरू होगा हरियाणा भर में अभाविप का सदस्यता अभियान

रोहतक, गिरीश सैनी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, रोहतक विभाग द्वारा रोहतक, झज्जर और जींद जिले के कार्यकर्ताओं की एक सदस्यता कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला का उद्देश्य नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को एबीवीपी से जोड़ना है।
एबीवीपी प्रदेश इकाई द्वारा हरियाणा भर में विभिन्न चरणों में यह सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जो 28 जुलाई से प्रारंभ होकर सितंबर मध्य तक चलेगा। प्रथम चरण में स्कूली स्तर पर कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को सदस्य बनाने के लिए अभियान 28 जुलाई से 5 अगस्त तक चलेगा।
कार्यशाला में अभाविप हरियाणा के प्रदेश मंत्री राहुल वर्मा ने बताया कि सदस्यता अभियान का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में परिषद से जोड़ना है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को नए विद्यार्थियों के साथ संपर्क स्थापित कर उन्हें एबीवीपी का सदस्य बनने के लिए प्रेरित करने की जानकारी दी गई।
अभाविप हरियाणा के प्रांत संगठन मंत्री संजय कसवां ने सदस्यता अभियान के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की और प्रतिभागियों को ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सैनी, प्रदेश प्रांत सह मंत्री नवीन, रोहतक विभाग प्रमुख डॉ. राजेश, झज्जर जिला संगठन मंत्री नीतीश, रोहतक महानगर संगठन मंत्री प्रियंकल, एमडीयू इकाई की अध्यक्ष प्रियंका सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।