एबीवीपी ने किया एमडीयू कुलपति सचिवालय का घेराव, छात्रों की 12 मांगें उठाई

एबीवीपी ने किया एमडीयू कुलपति सचिवालय का घेराव, छात्रों की 12 मांगें उठाई

रोहतक, गिरीश सैनी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की एमडीयू इकाई ने सोमवार को छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर एमडीयू के कुलपति सचिवालय का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और विवि सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की के समाचार भी हैं। 

प्रदर्शन के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि हर साल होने वाली 10 प्रतिशत फीस वृद्धि तथा री-अपीयर, रिवॉल्यूशन और माइग्रेशन जैसे फॉर्म की फीस में बढ़ोतरी का नियम वापस लिया जाए। छात्रों की पसंद वाले पाठ्यक्रमों में 20 प्रतिशत सीटें बढ़ाने और सेल्फ फाइनेंस कोर्स को उचित बजट में लाने की भी मांग की गई।

एबीवीपी ने यूआईटी, लॉ और इमसार जैसे बड़े विभागों के कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पूरे विवि परिसर में बेहतर सफाई तथा कैंटीन और बूथों पर प्रशासन द्वारा निर्धारित रेट लिस्ट लगाने की मांग की। साथ ही छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल में सफाई, पेयजल, बिजली, वाटर कूलर और हाइजीन संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग उठाई गई। एबीवीपी ने हॉस्टल छात्रों की जमा सिक्योरिटी फीस एक सप्ताह में लौटाने और नवनियुक्त एसोसिएट प्रोफेसरों के वेतन-भत्ते तत्काल सुचारू करने की मांग भी की।

एबीवीपी की एमडीयू इकाई के उपाध्यक्ष रवि खिलेरी ने चेताया कि निर्धारित समय में मांगें पूरी नहीं हुई तो कुलपति सचिवालय को पूरी तरह बंद कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में हैप्पी गुलिया, लोकेंद्र देशवाल, अंकित फोगाट, नीशु, रजनी, दिशा, सक्षम वालिया, प्रलाद सांगवान, सूर्या, शुभम मलिक, रमन शर्मा, सुमित सरोहा और हर्षित फोगाट सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।