शैक्षणिक, सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक करती है अभाविपः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान
एबीवीपी के नवनिर्वाचित प्रांत अध्यक्ष डॉ. सुशील मेहता का किया स्वागत।
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) देश का ऐसा छात्र संगठन है, जो राष्ट्रवाद, अनुशासन और सेवा भाव के मूल मंत्र पर निरंतर कार्य करता रहा है। परिषद ने सदैव छात्रों को केवल शैक्षणिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति भी जागरूक किया है। ये उद्गार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने संस्थान के सहायक आचार्य डॉ सुशील मेहता को वर्ष 2025- 26 के लिए अभाविप का प्रांत अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के उपलक्ष्य में परिषद के कार्यकर्ताओं और संस्थान के कर्मचारियों से संवाद करते हुए व्यक्त किए।
उल्लेखनीय है कि डॉ. सुशील मेहता को लगातार चौथी बार अभाविप का प्रांत अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके साथ करनाल के लव प्रताप सिंह को हरियाणा का प्रांत मंत्री बनाया गया है। डॉ. चौहान ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत और अभिनंदन किया।
निदेशक डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. सुशील मेहता एवं लवप्रताप राणा जैसे अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में अभाविप हरियाणा संगठन और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में छात्रों को सकारात्मक दिशा, संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराना अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में अभाविप की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी अपने अनुभव, कार्यकुशलता और संगठनात्मक क्षमता से छात्र हित, समाज हित एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को नई गति प्रदान करेंगे।
ध्यान रहे कि मूल रूप से अम्बाला निवासी डॉ. सुशील मेहता वर्तमान में हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने वर्ष 2015 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संपर्क में रहते हुए एक शिक्षक कार्यकर्ता के रूप में अम्बाला नगर अध्यक्ष, जिला प्रमुख एवं प्रांत उपाध्यक्ष सहित विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। वर्तमान में अभाविप हरियाणा के प्रांत अध्यक्ष हैं तथा आगामी सत्र 2025–26 के लिए पुनः प्रांत अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
वहीं, मूल रूप से करनाल जिले के निवासी लवप्रताप राणा वर्ष 2018 से अभाविप के महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष, जिला संयोजक एवं विभाग संयोजक जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।
इस दौरान संस्थान के सहायक आचार्य संदीप कुमार, कमलदीप सांगवान, नीलम छिकारा, संजीव कुमार, सुनील कुमार, सौरभ अरोड़ा, महिंद्र सिंह, मोहित कुमार, रजनीश कुमार सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
Girish Saini 

