सुपवा में आज से होगा तीन दिवसीय डिजाइन फेस्टिवल –सूत्रम का आगाज

पहली शाम का विशेष आकर्षण होगा –आलोकनामा, फैशन शो के साथ होगा सूत्रम का समापन।

सुपवा में आज से होगा तीन दिवसीय डिजाइन फेस्टिवल –सूत्रम का आगाज

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में 12 अगस्त से प्रारंभ हो रहे तीन दिवसीय डिजाइन फेस्टिवल -सूत्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस फेस्टिवल का समापन 14 अगस्त को विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत फैशन शो के साथ होगा। तीन दिवसीय सूत्रम के दौरान कला, संस्कृति, क्राफ्ट और डिजाइन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

फैकल्टी ऑफ डिजाइन की एफसी डॉ. शैली खन्ना ने बताया कि सूत्रम का आयोजन डिजाइन फैकल्टी द्वारा कुलपति डॉ. अमित आर्य के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा सहित विवि के शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग से सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।

उन्होंने बताया कि सूत्रम के पहले दिन 12 अगस्त की शाम प्रसिद्ध कवि एवं गीतकार आलोक श्रीवास्तव द्वारा आलोकनामा प्रस्तुत किया जाएगा। दूसरे दिन सुपवा के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जबकि अंतिम दिन फैशन शो में विद्यार्थी अपने द्वारा तैयार किए गए परिधानों को प्रदर्शित करेंगे। सूत्रम के लिए फैकल्टी ऑफ डिजाइन, सेंट्रल ऑडिटोरियम और रैंप ऑडिटोरियम को विद्यार्थियों ने विशेष रूप से सजाया है।

सूत्रम के दौरान छह मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी, जिनमें पंजाब की फुलकारी, बिहार की मधुबनी पेंटिंग, दिल्ली की टेराकोटा आर्ट व फैब्रिक जूलरी, राजस्थान की हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग और हरियाणा की हथकरघा बुनाई शामिल हैं। शहर के स्कूलों के विद्यार्थियों को भी इन कार्यशालाओं में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। लाइव क्राफ्ट वर्कशॉप के रूप में आयोजित इन मास्टर क्लास में विद्यार्थी विशेषज्ञों से सीधे संवाद भी कर सकेंगे।

इस दौरान सुपवा विद्यार्थियों द्वारा खानपान के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही स्टार्टअप स्टॉल पर विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।