ज्ञान के प्रसार के साथ ही समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण भी करता है शिक्षकः वीसी प्रो. नरसी राम बिश्नोई
जीजेयू में ऑनलाइन फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम (एफआईपी-10) शुरू।
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि एक शिक्षक केवल ज्ञान का प्रसार नहीं करता, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण भी करता है। एक शिक्षक का बहुआयामी होना आवश्यक है। कुलपति विवि अनुदान आयोग की मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण स्कीम के अंतर्गत मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के सौजन्य से शुरू हुए चार सप्ताह के ऑनलाइन फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम (एफआईपी-10) के उद्घाटन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की निदेशिका प्रो. सुनीता रानी ने समारोह की अध्यक्षता की।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों को विषय ज्ञान के साथ-साथ नवाचार, तकनीक, संवेदनशीलता तथा विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को केवल औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे स्वयं को बेहतर शिक्षक और प्रेरणादायी मार्गदर्शक बनाने का अवसर समझें।
निदेशिका प्रो. सुनीता रानी ने स्वागत सम्बोधन में बताया कि चार सप्ताह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नवनियुक्त शिक्षकों को उच्च शिक्षा की बदलती आवश्यकताओं, एनईपी -2020, शिक्षण-अधिगम की नवीन पद्धतियों, अनुसंधान, नैतिक मूल्यों तथा शैक्षणिक नेतृत्व से परिचित कराना है। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनुराग सांगवान ने बताया कि कार्यक्रम में देश के 9 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 65 संकाय सदस्य भाग ले रहे हैं।
Girish Saini 


