वायु प्रदूषण रोकने के लिए तैयार की जा रही राज्य कार्य योजना
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने योजना के लिए शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला में वायु प्रदूषण को रोकने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा वायु प्रदूषण रोकने के क्रियान्वित की जा रही कार्य योजना की निगरानी की जा रही है। अधिकारी ये सुनिश्चित करें कि शहर में सभी सडक़े गढ्ढा मुक्त हों।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने वायु प्रदूषण रोकने के लिए कार्य योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी 50 वर्षों के लिए वायु प्रदूषण को रोकने के लिए राज्य कार्य योजना तैयार की जायेगी। इसके संदर्भ में सभी संबंधित अधिकारी आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि शहर में 250 सीसीटीवी कैमरे लगाये गए है तथा इनके अलावा 132 सीसीटीवी कैमरे और लगाना प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि वन विभाग एचएसवीपी की सभी ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण के लिए योजना तैयार करें। नगर निगम निर्माण एवं तोड़-फोड की सामग्री का उचित प्रबंधन करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा म्हारी सडक़ की दो बैठकें ली जा चुकी है। उन्होंने प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के बारे में भी आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें कि फसलों के अवशेष जलाने की कोई घटना न हो। शहर में वायु को शुद्ध करने के लिए एक टावर स्थापित किया गया है तथा दो अन्य प्रस्तावित है।
इस दौरान एएसपी आयुष यादव, वन मंडल अधिकारी सुंदर लाल, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार व नमिता सिंह के अलावा अन्य संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

