गीत, ग़ज़ल और कविता से सजी संवाद साहित्य मंच की काव्य गोष्ठी

गीत, ग़ज़ल और कविता से सजी संवाद साहित्य मंच की काव्य गोष्ठी

चण्डीगढ़ : संवाद साहित्य मंच द्वारा प्रसिद्ध गायिका एवं लेखिका डॉ. संगीता लाहा चौधरी तथा डॉ. सुप्रभात लाहा के सम्मान में एक काव्य गोष्ठी का आयोजन लेखिका विमला गुगलानी की ओर से किया गया। गोष्ठी में एक दर्जन से अधिक कवि-कवयित्रियों ने भाग लिया। गीत, ग़ज़ल और कविता की प्रस्तुतियों ने साहित्यिक संध्या को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के आरंभ में डॉ. संगीता लाहा चौधरी ने रवींद्रनाथ टैगोर का गीत सुमधुर तरन्नुम में प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके पश्चात डॉ. विनोद शर्मा ने अपनी रचना ‘महामानव’ प्रस्तुत करते हुए कहा

'राम-सी मर्यादा जिसमें, कृष्ण-सा तर्क चक्र प्रखर,
दधीचि-सा त्याग जिसमें, ध्रुव-सा वैराग्य अमर'

कविवर प्रेम विज ने अपनी कविता ‘दीवारें’ के माध्यम से समाज में व्याप्त विभाजन की प्रवृत्ति पर प्रहार किया।
समाज में भी न जाने कितनी दीवारें हैं,
कोई गोरे-काले में बँटा है,
कोई ऊँच-नीच में बँटा है,
कहीं जाति की दीवार है,
कहीं धर्म की दीवार है।

कवयित्री विमला गुगलानी ने कलम की महत्ता पर अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए कहा
कलम क्या मिली,
इक सौगात मिल गई,
अरे, यह तो माँ सरस्वती से
बिन माँगे मुराद मिल गई।

डॉ. रेखा मित्तल ने स्त्री के बहुआयामी व्यक्तित्व को अपनी कविता में अभिव्यक्त करते हुए कहा

स्त्रियाँ संभालती हैं,
समेटती हैं, सहजती हैं,
वह सब कुछ,
जो बिखरा रहता है।

डॉ. निर्मल सूद ने माँ पर एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की। उन्होंने माँ की स्मृतियों से जुड़े कमरे का चित्रण करते हुए कहा

कमरा जहाँ रहती थी माँ अंतिम दिनों तक,
पिता के जाने के बाद भी,
उनकी स्मृतियों की गठरी सहित,
वह कमरा आज भी माँ का ही है।

इस अवसर पर मीनाक्षी शर्मा, अनीता मेहता, प्रभात शर्मा, डॉ. विनोद शर्मा, डॉ. रेखा मित्तल, प्रेम विज तथा डॉ. निर्मल सूद ने भी अपने गीत और कविताएँ प्रस्तुत कीं। कंचन भल्ला ने रोचक चुटकुलों और गीतों से उपस्थित साहित्यकारों का भरपूर मनोरंजन किया।