हर चेहरे पर मुस्कान का संकल्प, जरूरतमंदों के लिए मुफ्त दंत सेवा

हर चेहरे पर मुस्कान का संकल्प, जरूरतमंदों के लिए मुफ्त दंत सेवा

रोहतक, गिरीश सैनी। आर्थिक अभाव के कारण दांतों का इलाज न करा पाने वाले जरूरतमंदों के लिए दंत चिकित्सक डॉ. सतीश गर्ग सप्ताह में एक दिन विशेष सेवा दे रहे हैं। इस दौरान आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराई जाती है।

डॉ. गर्ग का कहना है कि दांतों की समस्या को लंबे समय तक नजरअंदाज करने से परेशानी बढ़ सकती है। समय पर जांच और उपचार न केवल दांतों, बल्कि व्यक्ति के सामान्य स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के लिए भी जरूरी है। उनका प्रयास है कि आर्थिक तंगी इलाज में बाधा न बने।

पीजीआईएमएस रोहतक से बीडीएस और एमडीएस (प्रोस्थोडोंटिक्स) की शिक्षा प्राप्त करने वाले डॉ गर्ग तीन दशक से अधिक समय से दंत चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं और इस पहल के जरिए जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लौटाने का प्रयास कर रहे हैं।