बाल दिवस प्रतियोगिताओं में पहली बार शामिल होगी मेहंदी प्रतियोगिता
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा मौका
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला बाल कल्याण परिषद की बाल दिवस प्रतियोगिताओं में इस बार मेहंदी प्रतियोगिता भी शामिल की गई है। उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया और कार्यक्रम नोडल अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता तृतीय समूह (कक्षा 9वीं-10वीं) और चतुर्थ समूह (कक्षा 11वीं-12वीं) के लिए होगी। प्रतियोगिताओं में समूह नृत्य, एकल नृत्य, गायन, रंगोली और क्विज सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताएं 22 अक्टूबर से शुरू हो चुकी हैं। इच्छुक विद्यार्थी प्रतियोगिता स्थल पर ही पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

Girish Saini

