कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पद के लिए आए बड़ी संख्या में आवेदन
बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मिले पर्यवेक्षक।

चरखी दादरी, गिरीश सैनी। कांग्रेस पार्टी के संगठन की दृष्टि से जिला इकाई के सबसे महत्वपूर्ण पद जिला अध्यक्ष के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन पत्र अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पर्यवेक्षक रीटा चौधरी, हरियाणा पी.सी.सी के ऑब्जर्वर लाल बहादुर खोवाल और अशोक मलिक को सौंपे। स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में ऑब्जर्वरों ने बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं से विस्तारपूर्वक चर्चा की।
ध्यान रहे कि गत दिनों चंडीगढ़ के अपने चंडीगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संगठन बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और ऑब्जर्वरों की बैठक में कहा था कि जिला कांग्रेस कमेटी का प्रधान पद केवल औपचारिकता नहीं होगा, बल्कि छोटे से लेकर विधानसभा व लोकसभा चुनावों के लिए टिकट वितरण में भी अहम भूमिका होगी और जिला प्रधान की सिफारिश से ही टिकटों का आवंटन होगा। इसी के चलते जिला प्रधान पद के लिए बड़ी संख्या में युवाओं सहित दावेदार सामने आए हैं।
केंद्रीय पर्यवेक्षक रीटा चौधरी ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि बहुत ही खुशनुमा माहौल में पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हुई हार को लेकर हताश चल रहे कार्यकर्ता अब पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास करने को तैयार हैं। प्रदेश कांग्रेस के पर्यवेक्षक लाल बहादुर खोवाल और अशोक मलिक ने कहा शीघ्र ही सभी आवेदनों पर विचार कर पैनल बना हाईकमान को भेजा जाएगा।