स्वस्थ युवा ही विकसित राष्ट्र की पहचानः वीसी प्रो. मिलाप पूनियाँ
एमडीयू में स्वास्थ्य जांच शिविर में 837 की जांच हुई।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में यूथ रेड क्रॉस तथा सीएमबीटी द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों सहित कुल 837 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने बतौर मुख्यातिथि शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि विवि केवल शिक्षा देने का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भी समान रूप से जिम्मेदार है।
बतौर विशिष्ट अतिथि, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता का समन्वय ही बेहतर समाज की नींव है तथा एमडीयू भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
शिविर में डॉ. संतोष कुमार एवं उनकी टीम ने 110 लोगों की नेत्र जांच की। वहीं, डॉ. सोनिया ने 39 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की। डॉ. विशाल, डॉ. संजय बदेशरा और डॉ. श्रीकांत ने कैंसरः कारण एवं प्रबंधन विषय पर जागरूकता व्याख्यान भी दिया।
सिविल अस्पताल, पीजीआईएमएस सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रक्त जांच, दंत चिकित्सा, आयुर्वेद, न्यूरो थेरेपी, फिजियोथेरेपी, महिला स्वास्थ्य, त्वचा रोग, पोषण एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं और जागरूकता परामर्श प्रदान किया। इस दौरान प्रो. मीनाक्षी वशिष्ठ, प्रो. सपना गर्ग, प्रो. विनीता हुड्डा, प्रो. अंजू धीमान, डॉ. हरि मोहन सहित शिक्षक एवं वाईआरसी काउंसलर मौजूद रहे।

Girish Saini 

