दोआबा कॉलेज में 83वां वार्षिक खेल दिवस आयोजित
जालन्धर, 26 फरवरी, 2026: दोआबा कॉलेज में 83वां वार्षिक खेल दिवस भव्यता, अनुशासन और उत्सवपूर्ण वातावरण के साथ आयोजित किया गया । समारोह की अध्यक्षता दोआबा कॉलेज प्रबंध समिति के प्रधान चन्द्र मोहन ने की । इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में इंस्पेक्टर मीना कुमारी पवार, देश की प्रतिष्ठित भारोत्तोलक, ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई । उनके साथ विशेष अतिथियों के रूप में सुभाष शर्मा, पूर्व अध्यक्ष, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट, करतारपुर एवं प्रख्यात समाजसेवी उपस्थित रहे । महानुभवों का हार्दिक अभिनन्दन प्रि. डॉ. प्रदीप भण्डारी, आयोजक सचिवों डॉ. ओमिन्द्र जौहल, प्रो. सोनिया कालड़ा, प्रो. सुखविन्द्र सिंह, डॉ. सुरेश मागो, प्रो. नवीन जोशी, प्रो. गुरसिमरन सिंह, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. सुरिन्द्र शर्मा, प्राध्यापकों व विद्यार्थियों ने किया ।
चन्द्र मोहन ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि सच्ची शक्ति पराजय के बाद भी पुनः खड़े होने में निहित है । उन्होंने ने सभी विद्यार्थियों को किसी न किसी खेल में भाग लेने के लिए प्रेरित किया ।
खेल समारोह का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि इंस्पेक्टर मीना कुमारी पवार द्वारा खेल ध्वज फहराकर किया गया, जो एकता और निष्पक्ष खेल भावना का प्रतीक है । इसके पश्चात प्रभावशाली मार्च-पास्ट का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि ने सलामी ली और प्रतिभागियों के अनुशासन की सराहना की । उन्होंने युवाओं को समकालीन समय में सोशल मीडिया के दुरुपयोग से सावधान रहने की सलाह दी । बी.कॉम. सेमेस्टर VI की छात्रा नम्रता ने सभी खिलाड़ियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और खेल नियमों के पालन की शपथ दिलाई ।
प्रि. डॉ. प्रदीप भंडारी ने उपस्थिति को सम्बोधित करते हुए कहा कि युवाओं के चरित्र निर्माण अनुशासन व नेतृत्व क्षमता के विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है । उन्होंने कॉलेज की खेल उपलब्धियों का भी उल्लेख किया ।
प्रतियोगिताओं की शुरुआत बालक एवं बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ के फाइनल से हुई । इसके पश्चात 100 मीटर हीट्स एवं फाइनल, 400 मीटर दौड़, 4×100 मीटर रिले रेस, गोला फेंक तथा लंबी कूद जैसी विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं । गैर-खिलाड़ियों, अध्यापकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए विशेष दौड़ प्रतियोगिताएं तथा बोरी दौड़, सैक रेस, तीन टांग दौड़ और रस्साकशी जैसे मनोरंजक खेलों ने कार्यक्रम को और अधिक समावेशी एवं आनंदमय बना दिया। प्लेयर कैटागरी में लड़कों में बेस्ट एथलीट अशफुल मंडल तथा नॉन प्लेयर लड़कों की कैटागरी मे दानिश भट्ट घोषित किए गए । इस तरह लड़कियों में प्लेयर कैटागरी में प्रीति तथा नॉन प्लेयर लड़कियों की कैटागरी में ममता बेस्ट ऐथलिस्ट घोषित किए गए ।
समारोह का समापन्न पुरस्कार वितरण, लकी ड्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ । यह खेल समारोह न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा का प्रदर्शन था, बल्कि इसने संस्थान की समग्र शिक्षा की उस अवधारणा को भी सुदृढ़ किया, जिसमें शारीरिक स्फूर्ति और नैतिक दृढ़ता साथ-साथ चलती हैं। मंच संचालन प्रो. साक्षी व डॉ. शिविका दाता ने बखूबी किया ।

City Air News 

