दोआबा कॉलेज में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस  मनाया गया

दोआबा कॉलेज में 80वाँ  स्वतंत्रता दिवस  मनाया गया
दोआबा कालेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रि. डॉ. प्रदीप भण्डारी, गणमान्य एवं विद्यार्थी ।

जालन्धर, 17 अगस्त  2026: दोआबा कॉलेज, जालंधर में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रदीप भंडारी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ, जिसके पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया ।
     इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रिंसिपल डॉ. प्रदीप भंडारी ने राष्ट्र और समाज के प्रति प्रत्येक नागरिक के मौलिक कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुशासन, उत्तरदायित्व, ईमानदारी, सामाजिक प्रतिबद्धता और राष्ट्रहित के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने में निहित है। प्रो. सुखविंदर सिंह ने अपने संबोधन में भारत के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवपूर्ण इतिहास पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व को रेखांकित किया ।
     विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताओं एवं गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा । इन प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए युवा पीढ़ी में स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को और सुदृढ़ किया ।
     कार्यक्रम के अंत में शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ के सदस्यों ने सामूहिक छायाचित्र करवाया । इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ के प्रेरणादायी संदेश के साथ जन-जागरूकता रैली भी आयोजित की गई। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया ।
     स्वतंत्रता दिवस समारोह अनुशासन, उत्साह, देशभक्ति और विद्यार्थियों एवं स्टाफ की सक्रिय सहभागिता से ओत-प्रोत रहा । कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई ।