यूएचएसआर के 8 कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर दी भावभीनी विदाई
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि से सेवानिवृत होने वाले 7 कर्मचारियों और एक चिकित्सक को शुक्रवार को कुलपति कार्यालय में भावभीनी विदाई दी गई। सेवानिवृत्त होने वालों में एनाटॉमी विभागाध्यक्षा डॉ. सुरेश कांता राठी, सहायक रामभज, रेडियोग्राफर शिलवंत, ओटी टेक्नीशियन सुभाष चंद्र, सहायक नर्सिंग अधीक्षक सतीश कुमारी, सहायक नर्सिंग अधीक्षक शशि भाटिया, सीनियर नर्सिंग अफसर जगवंती और हेड स्वीपर सुभाष चंद्र शामिल हैं।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि अस्पताल जैसी सेवा में नौकरी करने के दौरान कर्मचारी अक्सर परिवार को पर्याप्त समय नहीं दे पाते। सेवानिवृत्ति एक ऐसा अवसर है, जब वे अपने परिवार, बच्चों और नाती-पोतों के साथ भरपूर समय बिता सकते हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान सेवानिवृत्त हुए सभी कर्मचारियों के साथ हमेशा खड़ा है।
कुलसचिव डॉ. रूपसिंह ने भी सभी कर्मचारियों के सेवाकाल की सराहना की। निदेशक डॉ.एस.के. सिंघल ने कहा कि कर्मचारियों के अनुभव और समर्पण ने पीजीआईएमएस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। डीन डॉ. अशोक चौहान ने सभी के उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ ने कहा कि कर्मचारी सेवानिवृत्ति को केवल नौकरी का अंत न समझें, बल्कि इसे स्फूर्ति और ऊर्जा के साथ नई शुरुआत मानें। डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का अनुभव संस्थान के लिए हमेशा मार्गदर्शक रहेगा।

Girish Saini 

