राज्यपाल के जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर में 64 यूनिट रक्त एकत्रित
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के राज्यपाल एवं हरियाणा राज्य शाखा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सह-अध्यक्ष प्रो. असीम कुमार घोष के जन्मदिन पर एमडीयू की यूथ रेड क्रॉस इकाई द्वारा मैकेनिकल इंजीनियरिंग ब्लॉक स्थित कार्यालय में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि, कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। कुलसचिव ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान जिला रेडक्रॉस सचिव विकास कुमार तथा अनूप बंसल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रो. अंजू धीमान, प्रो. आशा शर्मा, डॉ. मीनू और डॉ. बिंदु रानी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साह दिखाते हुए 64 यूनिट रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र व बैज देकर सम्मानित किया गया।

Girish Saini 

