यूएचएस का 5वां दीक्षांत समारोह 23 मई कोः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल

राज्यपाल देंगे 941 छात्रों को डिग्री।

यूएचएस का 5वां दीक्षांत समारोह 23 मई कोः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि का 5वां दीक्षांत समारोह 23 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस दीक्षांत समारोह में हरियाणा के राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष बतौर मुख्य अतिथि मेधावी विद्यार्थियों को डिग्री एवं स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने बताया कि इस दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के कुल 941 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर की उपाधियाँ प्रदान की जाएगी और 7623 स्क्रॉल पर  हस्ताक्षर होंगे। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 68 मेधावी छात्रों को पदक से अलंकृत किया जाएगा। इनमें 51 पदक पीजी और 17 पदक यूजी छात्रों को प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विद्यार्थी के जीवन का सबसे गौरवशाली क्षण होता है। यूएचएस अपने हर छात्र को विश्वस्तरीय चिकित्सक और संवेदनशील इंसान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कुलपति ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के मार्गदर्शन में विवि निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

कुलपति डॉ. अग्रवाल ने सभी योग्य पूर्व विद्यार्थियों से अपील की कि 16 मई 2026 की शाम 5 बजे तक विवि की आधिकारिक वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा लें। बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी छात्र को दीक्षांत समारोह में डिग्री प्राप्त करने की अनुमति नहीं होगी। दीक्षांत समारोह से संबंधित ड्रेस कोड, रिहर्सल की तिथि, समय और स्थान सहित संपूर्ण दिशा-निर्देश विवि वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। यदि किसी विद्यार्थी को रजिस्ट्रेशन या अन्य किसी प्रक्रिया में कोई समस्या आती है तो वह सीधे परीक्षा नियंत्रक को ईमेल कर अपनी समस्या का समाधान प्राप्त कर सकता है।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि समारोह को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है, जिसमें रजिस्ट्रेशन, मंच संचालन, डिग्री वितरण, अनुशासन, मीडिया समन्वय, चिकित्सा एवं सुरक्षा कमेटी सहित विभिन्न समितियां शामिल हैं। इन सभी कमेटियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के साथ बैठक के दौरान कुलपति ने कहा कि यूएचएस का लक्ष्य सिर्फ डिग्री देना नहीं, बल्कि समाज को नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण डॉक्टर देना है।

कुलसचिव डॉ. रूपसिंह ने बताया कि सभी कमेटियों को उनके दायित्व सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए रिहर्सल 22 मई को अनिवार्य होगी। इस दौरान डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ, डीन डॉ. अशोक चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुखदेव चांदला, प्राचार्या डॉ. मनु राठी, डॉ. मंजूनाथ, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. उमेश यादव सहित विभिन्न कमेटियों के सदस्य मौजूद रहे।