एमडीयू में 18 जून को 5 हजार लोग करेंगे सामूहिक योग

कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने लिया तैयारियों का जायजा।

एमडीयू में 18 जून को 5 हजार लोग करेंगे सामूहिक योग

रोहतक, गिरीश सैनी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के परिप्रेक्ष्य में एमडीयू में 18 जून को जिला स्तरीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर तैयारियां जोरों पर है। विवि परिसर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मेगा आयोजन में करीब 5 हजार प्रतिभागी शामिल होंगे। मंगलवार को कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने आयोजन स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान कुलसचिव ने कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग तथा प्रतिभागियों की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।

इस दौरान डीन छात्र कल्याण, प्रो. सपना गर्ग ने योग दिवस आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 जून को प्रातः 6:30 से 8 बजे तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में विवि के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी, शोधार्थी तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आमजन से योग दिवस के इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। आज के तनावपूर्ण दौर में योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाना समय की जरूरत है।

विवि प्रशासन के अनुसार इस वर्ष योग दिवस की थीम हर घर योग, हर दिन योग के अनुरूप लोगों को नियमित जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान खेल निदेशिका डॉ शकुंतला बेनीवाल, अधीक्षण अभियंता जेएस दहिया, निदेशक युवा कल्याण डॉ प्रताप राठी, डॉ अंजलि दुहन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।