40 टीमों ने ज्यूरी के सामने पेश किए स्टार्टअप आइडिया, स्टील्थलैब्स बना विजेता
एमडीयू के यूआईईटी द्वारा यूरेका पिचिंग कॉम्पिटिशन आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के यूआईईटी की ई-सेल द्वारा विद्यार्थियों के इनोवेटिव आइडिया को स्टार्टअप में बदलने के उद्देश्य से यूरेका पिचिंग कॉम्पिटिशन-2026 आयोजित किया गया। एफडीसी में आयोजित इस प्रतियोगिता में 40 से अधिक टीमों ने ज्यूरी के सामने अपने स्टार्टअप आइडिया पेश किए, जबकि 120 से अधिक विद्यार्थियों ने भागीदारी की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर आधारित आइडिया प्रस्तुत किए। इंडस्ट्री और स्टार्टअप एक्सपर्ट्स ने प्रतिभागियों से प्रॉब्लम स्टेटमेंट, प्रस्तावित समाधान, संभावित ग्राहक, बाजार की संभावनाओं और बिजनेस मॉडल को लेकर सवाल किए। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आइडिया को केवल प्रोजेक्ट तक सीमित न रखकर उसे व्यावहारिक समाधान और संभावित व्यवसाय में बदलने की दिशा में काम करने का सुझाव दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। यूआईईटी निदेशक प्रो. विनीत कुमार, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. विपिन सैनी और टीपीओ डॉ. अरुण हुड्डा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए इनोवेशन और उद्यमिता को पढ़ाई का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
अवनी एंटरप्राइजेज के संस्थापक कपिल खंडेलवाल, बाथबैंकर्स24 की संस्थापक निधि सिगरोहा, चायहोलिक के रिषभ गुलाटी और ड्रोन इंटेलिसर्व प्रा. लि. की रिचा श्रीवास्तव ने ज्यूरी की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में टीम स्टील्थलैब्स ने प्रथम, चार्जेन्स ने दूसरा और सेटलिक डायनामिक्स ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को पुरस्कार, गिफ्ट हैम्पर्स और वाउचर देकर सम्मानित किया गया।

Girish Saini 


