वीबी-जी रामजी योजना के तहत 375 कार्यों से गांवों के विकास को मिलेगी गतिः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

चार जिलों के अधिकारियों-कर्मचारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

वीबी-जी रामजी योजना के तहत 375 कार्यों से गांवों के विकास को मिलेगी गतिः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत अनुमेय कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दो दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं को धरातल पर सफल बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण जरूरी है।

डॉ. चौहान ने कहा कि योजना के तहत अनुमेय 375 विकास कार्यों की उचित योजना, पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में प्रशिक्षण की अहम भूमिका है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग कार्यक्षेत्र में कर ग्रामीण विकास को गति देने का आह्वान किया।

ग्रामीण विकास विभाग के प्रोजेक्ट ऑफिसर हरिचंद गुप्ता ने कहा कि विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के लिए तकनीकी जानकारी और प्रक्रियाओं की स्पष्ट समझ आवश्यक है। इससे कार्यकुशलता बढ़ती है और योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है।

कार्यक्रम समन्वयक कमलदीप सांगवान ने बताया कि प्रशिक्षण में कार्यों की योजना बनाने, निर्धारित मानकों का पालन करने और प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने पर जानकारी दी जा रही है। इस दौरान अतिरिक्त खंड कार्यक्रम अधिकारी संदीप कुमार व दिनेश, कंप्यूटर ऑपरेटर रविंदर कुमार तथा कनिष्ठ अभियंता कृष्ण भगवान, नवीन और विजय सहित अन्य प्रतिभागी शामिल हुए।