34वीं जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता - अर्शिता व शायना की जोड़ी के नाम रहा गर्ल्स डबल्स का खिताब
मिक्स्ड डबल्स की विजेता बनी हर्ष व सीरत की जोड़ी।
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (डी.बी.ए.), रोहतक द्वारा आयोजित 34वीं जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि, बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष अजय सिंघानिया ने शिरकत की। समापन समारोह की अध्यक्षता डी.बी.ए., रोहतक के अध्यक्ष यशपाल सिंह पंवार ने की।
मुख्य अतिथि, अजय सिंघानिया ने उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा के बैडमिंटन खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में जीत हासिल कर हरियाणा का नाम ऊंचा कर रहे हैं। उन्होंने खेलों को जीवन में अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने में अहम बताया। कम से कम एक खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी खेल में हार-जीत से ज्यादा अहम है खेलों में भाग लेना। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।
जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि विभिन्न आयु वर्गों के जिला स्तरीय मुकाबलों में लगभग 500 खिलाड़ियों ने अपना दम-खम दिखाया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न श्रेणियों के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने पूरा जोश दिखाया। सभी विजेता और रनर अप खिलाडियों को मुख्य अतिथि अजय सिंघानिया, जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह पंवार और डीबीए के पदाधिकारियों ने प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
अंत में यशपाल सिंह पंवार ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और स्मृति चिन्ह भेंट किए। विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में जिला रोहतक का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिलाध्यक्ष ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों और एसोसिएशन की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर रितेश दलाल, सहित अन्य पदाधिकारी, अभिभावक व खेल प्रेमी मौजूद रहे।
फाइनल परिणामों की जानकारी देते हुए यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि अंडर-09 गर्ल्स सिंगल्स में सावी, बॉयज सिंगल में पलवित और बॉयज डबल्स में दक्ष व पलवित की जोड़ी विजेता रहे। अंडर-11 गर्ल्स सिंगल्स में देवांगना, गर्ल्स डबल्स में देवांगना व ईशु की जोड़ी, बॉयज सिंगल में मनवीर और बॉयज डबल्स में मनवीर व विश्वेंद्र की जोड़ी ने जीत हासिल की। अंडर-13 गर्ल्स सिंगल्स में प्राशी, गर्ल्स डबल्स में प्राशी व नायशा की जोड़ी, बॉयज सिंगल्स में पर्व और बॉयज डबल्स में जीवांश व पर्व की जोड़ी विजेता बनी। अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स में अश्मी, गर्ल्स डबल्स में दक्षा व लाय्शा की जोड़ी, बॉयज सिंगल्स में पूर्व, बॉयज डबल्स में गुनित व यक्षांश की जोड़ी और मिक्स्ड डबल्स में अरमान व दक्षा की जोड़ी विजेता बनी। अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स में खुशी, गर्ल्स डबल्स में अक्षिता व खुशी की जोड़ी, बॉयज सिंगल्स में जतिन, बॉयज डबल्स में रितिक व यश की जोड़ी और मिक्स्ड डबल्स में रितिक व अक्षिता की जोड़ी ने जीत हासिल की। अंडर-19 गर्ल्स सिंगल में गरिमा, गर्ल्स डबल्स में अर्शिता व शायना की जोड़ी, बॉयज सिंगल्स में यश, बॉयज डबल्स में पार्थ व यश की जोड़ी और मिक्स्ड डबल्स में यश व खुशी की जोड़ी विजेता बनी।
इसके अलावा, वूमेन सिंगल्स का खिताब गरिमा ने सीरत को हराकर अपने नाम किया। वूमेन डबल्स में अक्षिता व खुशी की जोड़ी, पलक व उन्नति हुड्डा को हराकर विजेता बनी। मेंस सिंगल्स में वंश ने गौतम को पछाड़ा। मेंस डबल्स में अंशुल व सन्नी की जोड़ी ने साहिल व विमल की जोड़ी को हराया। मिक्सड डबल्स में हर्ष व सीरत की जोड़ी, अमन व अक्षिता की जोड़ी को हराकर विजेता बनी।

Girish Saini 

