रोहतक में राष्ट्रीय लोक अदालत में 27,428 मामलों का हुआ निपटारा
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में शनिवार को जिला न्यायालय रोहतक में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया।
प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ तरन्नुम खान ने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए कुल 7 बेंच गठित की गई, जिनमें से 6 बेंच रोहतक में तथा 1 बेंच उपमंडल महम में स्थापित की गई। इनमें अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आर्य शर्मा और डॉ. भूपेंद्र कुमार की 2 बेंच तथा 4 मजिस्ट्रेट बेंच शामिल रहीं। राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान कुल 29,685 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 27,428 मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा किया गया। इन मामलों के निपटारे के साथ ही 60,413,700 रुपये की राशि का सेटलमेंट किया गया।
सीजेएम डॉ तरन्नुम खान ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि भविष्य में आयोजित होने वाली लोक अदालतों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति से समाधान करवाएं।

Girish Saini 

