पीजीआईएमएस, रोहतक में 245 पीजी छात्रों ने लिया एथिक्स एवं बायोएथिक्स का प्रशिक्षण

चौथा यूएचएस एथिक्स एंड बायोएथिक्स कोर्स संपन्न।

पीजीआईएमएस, रोहतक में 245 पीजी छात्रों ने लिया एथिक्स एवं बायोएथिक्स का प्रशिक्षण

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि, रोहतक में आयोजित चौथा यूएचएस कोर्स ऑफ एथिक्स इन्क्लूडिंग बायोएथिक्स संपन्न हुआ। कुलपति प्रो. डॉ. एच.के. अग्रवाल के मार्गदर्शन में विवि निरंतर छात्रों को नैतिक और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।

कोर्स आयोजक, डॉ. आरती ने बताया कि इस बैच में लगभग 245 पीजी छात्रों ने भाग लेकर मेडिकल एथिक्स, मेडिकल लॉ, प्रोफेशनल कंडक्ट तथा रिसर्च एवं क्लीनिकल प्रैक्टिस से संबंधित आईसीएमआर एवं एनडीसीटी दिशानिर्देशों के बारे में प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि इस बैच के समापन के साथ ही अब तक लगभग 950 पीजी छात्रों को एथिक्स एवं बायोएथिक्स का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

डॉ. आरती ने बताया कि इस कोर्स का उद्देश्य स्नातकोत्तर विद्यार्थियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों में चिकित्सा नैतिकता, रिसर्च एथिक्स, मेडिकल प्रोफेशनलिज्म तथा नैतिक निर्णय-निर्माण की गहन समझ विकसित करना है। छह दिवसीय कोर्स के दौरान विभिन्न विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा केस-आधारित चर्चाएं और संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए। कोर्स में डॉ आरती (कोऑर्डिनेटर), डॉ सविता वर्मा, डॉ रीतू हुड्डा, डॉ बीना, डॉ जितेंद्र जाखड़ तथा डॉ कमल सिंह ने विभिन्न सत्रों को संबोधित किया। एथिक्स एवं बायोएथिक्स का प्रशिक्षण पीजी छात्रों को पेशेवर जिम्मेदारियों, मरीजों के अधिकारों, नैतिक निर्णय लेने तथा जिम्मेदार चिकित्सकीय एवं शोध कार्यों को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।