ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे रक्त भंडारण केंद्र शुरूः वीसी डॉ. एच.के. अग्रवाल

300 यूनिट स्टोरेज की क्षमता रहेगी।

ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे रक्त भंडारण केंद्र शुरूः वीसी डॉ. एच.के. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। मरीजों को सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाने तथा ट्रॉमा सेंटर में आने वाले सड़क दुर्घटना के गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर रक्त उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार के मार्ग निर्देशन में ट्रॉमा सेंटर में रक्त भंडारण केंद्र शुरू किया गया है। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने मंगलवार को ट्रॉमा सेंटर में इस केंद्र का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया।

उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने बताया कि ये रक्त भंडारण केंद्र 24 घंटे कार्य करेगा। ये केंद्र गंभीर घायल मरीजों के लिए एक वरदान साबित होगा और उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इस केंद्र के लिए डॉ. गजेंद्र व डॉ. रागिनी को बधाई दी।

कुलसचिव डॉ. रूपसिंह ने कहा कि ये केंद्र पीजीआईएमएस की आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत करेगा। निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल इस केंद्र को ट्रॉमा रोगियों के लिए जीवनदायिनी सुविधा बताय। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने कहा कि कि ये केंद्र कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन का परिणाम है।

एचओडी डॉ. गजेन्द्र सिंह ने कहा कि ये केंद्र रक्त की आपूर्ति को सुनिश्चित करते हुए रोगियों को समय पर रक्त उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि संस्थान के अधिकारियों के सहयोग से केवल 3 महीने में सरकार से लाइसेंस प्राप्त करके इस केंद्र को शुरू किया गया है। डॉ. रागिनी ने बताया कि ये केंद्र दूसरे तल पर कमरा नंबर 201 में स्थित है और यहां ट्रॉमा रोगियों के लिए रक्त की पूरी उपलब्धता है। इस केंद्र में करीब 300 यूनिट स्टोरेज की क्षमता है, वहीं प्रतिदिन ट्रॉमा में लगभग 20 से अधिक यूनिट रक्त की जरूरत पड़ती रहती है। इस दौरान डॉ. पंकज गहलोत, डॉ. पंकज छिक्कारा, डॉ. महेश माहला, डॉ. सुंदर, डीएनएस हन्नी प्रभा, रमन, अंजू, अरविंद, मनोज सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।