नशे के खिलाफ संदेश देगी 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप
रोहतक में जुटेंगे देशभर से फ्लोरबाल खिलाड़ी।
रोहतक, गिरीश सैनी। 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबाल चैंपियनशिप का आयोजन एमडीयू में 9 से 11 अक्टूबर तक होगा, जिसमें करीब 20 राज्यों से हजारों खिलाड़ी तीन आयु वर्गों—सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर—में हिस्सा लेंगे।
हरियाणा फ्लोरबाल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी गजेंद्र फौगाट ने शनिवार को एक पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता को हरियाणा सरकार के नशे के विरुद्ध अभियान को समर्पित किया गया है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ भी दिलाई जाएगी।
ओएसडी फौगाट ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने हाल में एशियाई चैंपियनशिप में सुरुचि फौगाट के एकल पदक जीतने को भारतीय फ्लोरबाल के लिए उत्साहजनक उपलब्धि बताया।
इंडियन फ्लोरबाल फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. दीपेंद्र आर्य ने बताया कि देशभर से आने वाली टीमों के स्वागत और प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान प्रतियोगिता के थीम सॉन्ग, पोस्टर और खिलाड़ियों की जर्सी का भी विमोचन किया गया।

Girish Saini 

