2070 खिलाड़ियों ने भरी खेल मैदानों में हुंकार, हॉकी में कड़े मुकाबले

59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, योगासन में भी खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा।

2070 खिलाड़ियों ने भरी खेल मैदानों में हुंकार, हॉकी में कड़े मुकाबले

रोहतक, गिरीश सैनी। 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को रोहतक में आगाज हुआ। 21 से 23 सितंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 2070 खिलाड़ी हॉकी और योगासन में दमखम दिखा रहे हैं। उद्घाटन समारोह में उपायुक्त सतबीर सिंह मुख्य अतिथि रहे।

उपायुक्त ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतियोगिता के लिए जिला प्रशासन ने सभी जरूरी व्यवस्थाएं की हैं। खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बेहतर खेल वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक ने कहा कि प्रतियोगिता के सुचारु आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं। नोडल अधिकारी अशोक नांदल ने बताया कि सभी खेल स्थलों पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

हॉकी के मुकाबलों में दिखा दमखम: अंडर-17 लड़कों के मुकाबलों में पानीपत ने चरखी दादरी को 4-0, यमुनानगर ने राई स्पोर्ट्स स्कूल सोनीपत को 3-0, अंबाला ने सिरसा को 1-0 और महेंद्रगढ़ ने झज्जर को 1-0 से हराया। हिसार ने पानीपत को 5-0, कुरुक्षेत्र ने फतेहाबाद को 7-0 और करनाल ने पंचकूला को 8-0 से मात दी। जींद ने रोहतक को 2-0 से हराया।

अंडर-19 में कुरुक्षेत्र ने अंबाला को 3-1, फरीदाबाद ने गुरुग्राम को 2-0, सिरसा ने राई स्पोर्ट्स स्कूल सोनीपत को 5-0 और कैथल ने पानीपत को 5-2 से हराया।

राजीव गांधी स्टेडियम के कबड्डी हॉल में लड़कों तथा स्कॉलर रोजरी स्कूल में लड़कियों के अंडर-14, 17 और 19 वर्गों के पारंपरिक योगासन मुकाबले पूरे हुए।