बीएमयू में 177 यूनिट रक्तदान, छात्राओं की रही खास भागीदारी
जरूरतमंदों का जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है रक्तदानः डीसी सतबीर सिंह
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में 177 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों, छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। छात्राओं और महिला रक्तदाताओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
जिला उपायुक्त सतबीर सिंह ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया तथा बैज लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंदों का जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिक्षण संस्थानों में ऐसे आयोजन युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर का आयोजन बीएमयू की एनसीसी और एनएसएस इकाइयों ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस के सहयोग से किया। सिविल अस्पताल और यूएचएसआर की चिकित्सा टीमों ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच और रक्त संग्रह की प्रक्रिया संभाली।
कुलपति प्रो. बी.एम. यादव, कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार और शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. नवीन कपिल ने रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों की भागीदारी की सराहना की। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट अनिल डूडी और एनएसएस समन्वयक डॉ. मंजीत कुमार ने शिविर का समन्वय किया।

Girish Saini

