एनएसएस द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में 172 यूनिट एकत्रित
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वाधान में बुधवार को एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कुलसचिव डा. विजय कुमार ने प्रथम रक्तदाता के रूप में रक्तदान कर इस महाअभियान की शुरुआत की। इस सामाजिक पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लेते हुए 27 छात्राओं सहित कुल 172 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने रक्तदान को मानवता की सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण बताते हुए कहा कि ये युवाओं में करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को सुदृढ़ करता है। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सेवा भावना को जागृत करते हैं। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अंजु गुप्ता ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य रक्तदान -महादान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं को मानव सेवा के लिए प्रेरित करना है।
सिविल अस्पताल हिसार, मेडिकल कॉलेज अग्रोहा व विवि के स्वास्थ्य केंद्र की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने रक्त संग्रहण एवं स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की।

Girish Saini 

