पीएम किसान निधि की 24वीं किस्त से हरियाणा के 16.18 लाख किसानों को लाभ
रोहतक के 68,269 किसानों के खातों में पहुंचे 13.65 करोड़ रुपये, किसान उत्सव दिवस में 204 किसानों ने लिया भाग
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत हरियाणा के 16,18,808 किसानों के खातों में 324.74 करोड़ रुपये और रोहतक जिले के 68,269 किसानों को 13.65 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई।
कृषि विज्ञान केंद्र रोहतक में आयोजित किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में सांपला मार्केट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक ने कहा कि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की सहायता सीधे खातों में दी जाती है। सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उप कृषि निदेशक डॉ. सुरेंद्र सिंह ने योजना की पात्रता शर्तों की जानकारी दी। भूमि परीक्षण अधिकारी अनिल अहलावत ने किसानों से ई-केवाईसी और किसान पहचान संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूरी कराने की अपील की। कार्यक्रम में 204 किसानों सहित कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

