डीघल में स्वास्थ्य शिविर में 150 ग्रामीणों की जांच
पीजीआईएमएस की टीम ने दी चिकित्सकीय सलाह, रेबीज और स्तनपान पर किया जागरूक
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत पीजीआईएमएस, रोहतक के सामुदायिक चिकित्सा विभाग ने मंगलवार को डीघल के बाबा मोहजमा परिसर में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर लगाया। शिविर में करीब 150 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें प्राथमिक उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य मार्गदर्शन दिया गया।
शिविर का उद्घाटन सामुदायिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. नीलम कुमार, डॉ. विनोद चायल, डॉ. अनुज जांगड़ा तथा झज्जर के सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह समेत स्वास्थ्य अधिकारियों ने किया। दंत चिकित्सा टीम ने ग्रामीणों की दंत जांच भी की।
एमबीबीएस 2021 बैच के प्रशिक्षु चिकित्सकों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए रेबीज से बचाव, पशु के काटने पर समय पर उपचार और स्तनपान के महत्व की जानकारी दी। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ रोगों की शीघ्र पहचान और रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

Girish Saini 

