पीजीआईएमएस, रोहतक में मनाया पीएमएसएमए का 10वां स्थापना दिवस
पीजीआईएमएस रोहतक के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए ) के 10वें स्थापना दिवस पर विशेष शिविर आयोजित किया गया। डॉ. सविता सिंघल के दिशा निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच की गई।
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस रोहतक के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए ) के 10वें स्थापना दिवस पर विशेष शिविर आयोजित किया गया। डॉ. सविता सिंघल के दिशा निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच की गई।
डॉ. सविता सिंघल ने बताया कि पीएमएसएमए का उद्देश्य हर गर्भवती महिला को दूसरी और तीसरी तिमाही में कम से कम एक बार विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच उपलब्ध कराना है। इससे उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की समय रहते पहचान कर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सकता है।
शिविर में महिलाओं के एचबी, बीपी, शुगर, वजन व यूरिन की जांच की गई। साथ ही अल्ट्रासाउंड एवं अन्य जरूरी टेस्ट भी किए गए। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उन्हें विशेष परामर्श दिया गया और आवश्यकतानुसार अस्पताल में भर्ती की सलाह दी गई।
डॉ. सविता सिंघल ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व हर महिला का अधिकार है। 10 वर्षों में पीएमएसएमए से लाखों महिलाओं को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा आईईसी सामग्री के माध्यम से महिलाओं को पोषण, टीकाकरण और संस्थागत प्रसव के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को आयरन, कैल्शियम की गोलियां और पोषक आहार के बारे में जानकारी भी दी गई।
स्त्री रोग विभागाध्यक्षा डॉ पुष्पा दहिया ने कहा कि स्त्री रोग विभाग मातृ स्वास्थ्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान डॉ श्वेता, डॉ मोनिका, डॉ पारुल, सहित एएनएम व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
Girish Saini 

