एनसीसी में भर्ती के लिए 100 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, मेरिट से होगा चयन

एनसीसी में भर्ती के लिए 100 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, मेरिट से होगा चयन

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय लालनाथ हिन्दू कॉलेज में फर्स्ट हरियाणा एनसीसी बटालियन, रोहतक द्वारा एनसीसी प्रथम वर्ष के लिए चयन परीक्षा आयोजित की गई। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुखविंदर सिंह और प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अमन चौधरी के निर्देशन में हुई चयन प्रक्रिया में विभिन्न संकायों के लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

एनसीसी अधिकारी ले. राजेश ने बताया कि चयन के दौरान विद्यार्थियों के शारीरिक मापदंड, लिखित परीक्षा, मेडिकल टेस्ट और साक्षात्कार लिए गए। निर्धारित प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की मेरिट तैयार की जाएगी और मेरिट के आधार पर एनसीसी प्रथम वर्ष में उनका चयन होगा। फर्स्ट हरियाणा एनसीसी बटालियन की ओर से नायब सूबेदार संजय सिंह, हवलदार हेमराज और हवलदार रामनिवास ने चयन प्रक्रिया पूरी कराई।

प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि एनसीसी अनुशासन के साथ देशसेवा का प्रभावी माध्यम है। चयन प्रक्रिया में डॉ. हरदीप सिंह, डॉ. शालू, मौसम सहित एनसीसी कैडेट्स का विशेष सहयोग रहा।